आरुणि मंथन से यज्ञशाला में प्रकट हुई अग्नि, जयकारों से गूंजा कुटी बीर बाबा धाम

नवदिवसीय हनुमत रुद्र महायज्ञ के तीसरे दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अग्नि प्राकट्य, रामकथा में व्यास ने किया शिव महिमा का बखान
उन्नाव। असोहा क्षेत्र के अजयपुर स्थित पावन धाम कुटी बीर बाबा मंदिर परिसर में चल रहे 11वें नवदिवसीय हनुमत रुद्र महायज्ञ एवं मानस वेदांत संत सम्मेलन के तीसरे दिन यज्ञशाला में आरुणि मंथन के जरिए अग्नि प्रकट की गई। अग्नि प्राकट्य होते ही पूरा परिसर श्रद्धालुओं के जयकारों से गूंज उठा।
अयोध्या से पधारे यज्ञाचार्य कुलदीप शास्त्री एवं वेदपाठी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्निदेव का आह्वान किया। इसके बाद यजमानों ने विधि-विधान से आरुणि मंथन किया। कुछ ही देर में मंथन से यज्ञशाला में अग्नि प्रकट हुई। अग्नि के प्राकट्य होते ही श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और यज्ञ पुरुष भगवान के जयकारे लगाए। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत यज्ञ का शुभारंभ हुआ। क्षेत्र की महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा शुरू कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
वहीं, महायज्ञ के दौरान आयोजित रामकथा में तीसरे दिन चित्रकूट से पधारे व्यास आचार्य ज्ञानेश जी ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव तीनों लोकों के स्वामी होने के बावजूद नंदी की सवारी करते हैं, व्याघ्र चर्म धारण करते हैं और श्मशान को अपना निवास बनाते हैं। उनका जीवन त्याग, वैराग्य और सादगी का संदेश देता है। वास्तविक सुख भौतिक सुख-सुविधाओं में नहीं, बल्कि त्याग और सादगी में निहित है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर केवल मंदिरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कण-कण में विद्यमान हैं। सच्चे मन से आराधना करने वाले भक्त को भगवान कहीं भी सहज रूप से प्राप्त हो सकते हैं। व्यास जी ने कहा कि माया, मोह, दंभ, पाखंड, अहंकार और आसक्ति का त्याग किए बिना ईश्वर की प्राप्ति संभव नहीं है। मनुष्य के भीतर मौजूद यही विकार उसके विनाश का कारण बनते हैं।
इस दौरान कृपा शंकर बाजपेई, राजेश बाजपेई, सुधांशु शुक्ल, रामू मिश्र, प्रेम शुक्ल, चंदन, ऋषभ त्रिपाठी, श्याम जी, पवन जी, राहुल सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।

Hot this week

अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड: दो और आरोपी गिरफ्तार

भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामदछिबरामऊ, कन्नौज। थाना क्षेत्र...

यातायात जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक

नियमों का पालन कर सुरक्षित सफर करने का दिया...

सोनिया गांधी की पुस्तक झूठ बोलती है, खामोशी भी धारण करती है

आचार्य श्रीहरिदुनिया एक बाजार है, यहां सिर्फ सत्य ही...

Related Articles