कन्नौज। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान के तहत शिक्षा विभाग की ओर से कन्नौज, छिबरामऊ, गुरसहायगंज और तिर्वा में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। कन्नौज नगर में अमर जवान ज्योति से विनोद दीक्षित अस्पताल तक निकली इस रैली का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सन्दीप कुमार ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और डायट प्रशिक्षुओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन को लोकतंत्र में भागीदारी का महत्व समझाया।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे युवा, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
रैली के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक मतदाताओं की भागीदारी आवश्यक है, वहीं बीएसए सन्दीप कुमार ने पात्र युवाओं से सूची में नाम जुड़वाने की अपील की। इस मौके पर डायट प्राचार्य डॉ. अमित कुमार, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा अजय कुमार, डायट प्रवक्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
जनपद में गूंजा मतदान का संदेश: युवाओं को वोटर बनने के लिए किया जागरूक


