छिबरामऊ, कन्नौज। नगर के मोहल्ला कस्सावान में रविवार को फातहे बिलग्राम मिशन के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन हुजूर अनीसुल मशाइख हजरत मौलाना पीर सैय्यद अनस मुस्तफा वास्ती कादरी जैदी बिलग्रामी की सरपरस्ती में हुआ। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
कानपुर से आए एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. वसीम खान ने पेट, छाती, क्षय रोग (टीबी), चर्म रोग और उच्च रक्तचाप से ग्रस्त मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। उनके साथ जूनियर डॉक्टर मोहम्मद सैफी ने भी मरीजों को देखने में सहयोग प्रदान किया। शिविर में जरूरतमंद मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस दौरान कैंप इंचार्ज जाहिद चिश्ती, हाफिज फैजान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभालने में सहयोग किया। आयोजकों ने नगरवासियों से भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


