दुर्गागंज में लंबे समय से फड़ सजने की चर्चा, कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा, सभासद के कथित संरक्षण की बातों ने बढ़ाए सवाल
नवाबगंज, उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज कस्बे का दुर्गागंज मोहल्ला इन दिनों कथित जुए के अवैध कारोबार को लेकर चर्चा में है। नाले के किनारे लंबे समय से जुए की फड़ सजने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर आबादी के बीच कथित तौर पर संचालित इस अड्डे पर पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ रही। क्या जिम्मेदारों को इसकी भनक नहीं है या फिर सब कुछ जानने के बावजूद कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है।
मामले को लेकर एक सभासद के कथित संरक्षण की चर्चाएं भी क्षेत्र में हो रही हैं। हालांकि इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। लेकिन यदि शिकायतों में सच्चाई है तो यह पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर किसकी शह पर जुए का यह कथित कारोबार फल-फूल रहा है और कार्रवाई की जिम्मेदारी किसकी है।
कानून का डर खत्म या निगरानी का अभाव
जुए जैसे अवैध कारोबार से जुड़े अड्डों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका रहती है। इसके बावजूद दुर्गागंज में कथित जुए के अड्डे को लेकर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि यदि लंबे समय से यह गतिविधि संचालित हो रही है तो पुलिस की गश्त और मुखबिर तंत्र आखिर किस काम आ रहा है।
अब जरूरत केवल औपचारिक जांच की बात कहने की नहीं, बल्कि मौके पर सत्यापन कर ठोस कार्रवाई करने की है। यदि आरोप निराधार हैं तो पुलिस स्थिति स्पष्ट करे और यदि जुए का अवैध कारोबार चल रहा है तो संचालकों के साथ उसे संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच हो। वरना दुर्गागंज का यह कथित जुआ अड्डा पुलिस की निगरानी और कार्रवाई के दावों पर सवालिया निशान बना रहेगा। हालांकि नवाबगज चौकी प्रभारी मुकुल दुबे ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी।

