राम-सीता, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियों ने मोहा मन, कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लगाई परिक्रमा
गोंडा। अक्षय नवमी पर खरगूपुर क्षेत्र के ऐतिहासिक झाली धाम आश्रम में बुधवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गाजे-बाजे और जय श्रीराम के जयघोष के बीच सुबह नौ बजे करीब तीन किलोमीटर लंबी भव्य परिक्रमा यात्रा शुरू हुई। इसमें गोंडा के अलावा बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती समेत आसपास के जिलों से लाखों श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और जटायु की आकर्षक झांकियां यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पैदल परिक्रमा में आगे बढ़ते रहे। परिक्रमा यात्रा झाली धाम आश्रम से शुरू होकर खरगूपुर नगर पंचायत होते हुए पुनः आश्रम पहुंचेगी। मान्यता है कि अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा में शामिल नहीं हो पाने वाले श्रद्धालु झाली धाम पहुंचकर परिक्रमा करते हैं। यात्रा में भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पूनम द्विवेदी, छात्र नेता शिवम पांडेय और भाजपा नेता आशीष त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक आशीष त्रिपाठी ने बताया कि परिक्रमा पूरी होने के बाद आश्रम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए खरगूपुर सहित आसपास के थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही।
अक्षय नवमी पर झाली धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओ ने की परिक्रमा


