उन्नाव। कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
जनता दर्शन में मार्ग निर्माण में विरोधियों द्वारा बाधा उत्पन्न करने, आर्म्स कॉरपोरेशन में जमा शस्त्रों को सरकारी मालखाने में जमा कराने, तिलक समारोह में धोखाधड़ी कर नकदी व सामान हड़पने और जान से मारने की धमकी देने तथा जमीन पर अवैध कब्जे जैसी शिकायतें सामने आईं। डीएम ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान राजस्व, विकास, विद्युत और पुलिस समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने और प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश


