आर्य नगर-कुकुरभुकवा मार्ग बहाल करने की उठी मांग, निजी वाहनों के भरोसे यात्री
बलरामपुर। बलरामपुर-गोंडा मुख्य मार्ग पर गोंडा स्थित जयप्रभा ग्राम में आयोजित कथा के चलते मार्ग पर रोडवेज बसों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिए जाने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोंडा जाने वाले यात्रियों के सामने अब निजी वाहनों और ट्रेन के अलावा आवागमन का कोई दूसरा विकल्प नहीं रह गया है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि जयप्रभा ग्राम में कथा आयोजन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित किए जाने का असर रोडवेज बसों के संचालन पर भी पड़ा है। बलरामपुर से गोंडा और गोंडा से बलरामपुर आने-जाने वाले यात्रियों को बस सेवा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ऐसे में नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य जरूरी काम से यात्रा करने वालों की परेशानी बढ़ गई है।
इस समय अयोध्या में परिक्रमा के चलते यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में निजी वाहनों से गोंडा पहुंचने के लिए लोगों को अधिक किराया खर्च करना पड़ रहा है। मजबूरी में निजी साधनों का सहारा लेने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं, ट्रेन में भीड़ और उपलब्धता के कारण सभी यात्रियों के लिए रेल यात्रा सुविधाजनक विकल्प नहीं बन पा रही है।एआरएम बीके वर्मा ने बताया कि आर्य नगर-कुकुरभुकवा मार्ग को बहाल किया जाना चाहिए, जिससे रोडवेज बसों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। मार्ग बंद रहने से रोडवेज को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और यात्रियों को भी असुविधा हो रही है।स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि किसी बड़े आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही आम लोगों के आवागमन का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था होने से रोडवेज बसों का संचालन जारी रह सकता है और यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।यात्रियों ने संबंधित अधिकारियों से आर्य नगर-कुकुरभुकवा मार्ग को तत्काल बहाल कराने और रोडवेज बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बलरामपुर और गोंडा के बीच आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिल सके।

