उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा नेता अविचल शुक्ला ने जातिगत राजनीति पर तीखा हमला बोलते हुए समाज को अगड़ा-पिछड़ा के नाम पर बांटने वालों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने दो टूक कहा कि हमारी पहचान जातियों से नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और राष्ट्र से है। हमारा झंडा भगवा और तिरंगा है।
अपने संबोधन में अविचल शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश में सनातन संस्कृति, राष्ट्र गौरव और भगवा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि समाज को जातिगत खांचों में बांटने के बजाय सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि राजनीति में अच्छे और बुरे दोनों तरह के लोग होते हैं, लेकिन समाज को जातियों में बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की मानसिकता दुर्भाग्यपूर्ण है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी अगड़ा-पिछड़ा का भेद पैदा करना उचित नहीं है। ऐसे मंचों से समाज को जोड़ने और आपसी सद्भाव बढ़ाने का संदेश जाना चाहिए।
अविचल शुक्ला ने कहा कि सनातन, राष्ट्र और सामाजिक एकता की भावना जातिगत भेदभाव से कहीं ऊपर है। लोगों को ऐसी राजनीति से सावधान रहते हुए विवेक और समझदारी से काम लेना चाहिए। उन्होंने एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और सांस्कृतिक गौरव ही हमारी सामूहिक पहचान होनी चाहिए।
जातीय सियासत पर अविचल का प्रहार, बोले- अगड़ा-पिछड़ा छोड़ो, भगवा और तिरंगे के नीचे एकजुट हो

