शादी से इनकार और प्रताड़ना के आरोपों के बीच मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

प्रेम संबंधों के विवाद ने लिया गंभीर रूप, महिला पहले भी एसपी समेत कई आला अधिकारियों से कर चुकी है शिकायत
छिबरामऊ, कन्नौज।
नगर के काशीराम कॉलोनी के पास बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद के चलते एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर छिबरामऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद करीब ढाई घंटे में महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ की इंद्रा आवास कॉलोनी निवासी नरगिस (28) बुधवार सुबह करीब छह बजे काशीराम कॉलोनी के पास कृष्णा हॉस्पिटल वाली गली में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह-सुबह महिला को टावर पर चढ़ा देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

आठ साल से प्रेम संबंध होने का दावा
पुलिस पूछताछ में नरगिस ने बताया कि फर्रुखाबाद जिले के जरारी गांव निवासी एक युवक से उसके करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध हैं। महिला के मुताबिक, दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बने, जिससे उसकी पांच साल की एक बेटी है। महिला ने आरोप लगाया कि करीब आठ महीने पहले दोबारा गर्भवती होने पर उसने युवक से शादी करने की बात कही, लेकिन युवक और उसके परिजनों ने कथित तौर पर उसके साथ

मारपीट की और गर्भपात कराने के लिए गर्भनिरोधक गोलियां खिलाईं
नरगिस का आरोप है कि अब युवक उससे निकाह करने से इनकार कर रहा है। इतना ही नहीं, युवक के परिजनों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस से शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने की बात भी कही।

एसपी समेत कई आला अधिकारियों से पहले भी कर चुकी है शिकायत
महिला के मामले में एक अहम पहलू यह भी सामने आया है कि वह इससे पहले भी पुलिस अधीक्षक समेत कई आला पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर चुकी है। महिला का दावा है कि उसने अपने साथ हुई कथित प्रताड़ना और शादी से इनकार किए जाने के संबंध में अधिकारियों को शिकायतें दी थीं, लेकिन उसे न्याय नहीं मिल सका। इसी विवाद के चलते बुधवार सुबह उसने मोबाइल टावर पर चढ़ने जैसा कदम उठा लिया।

क्या बोले कोतवाली प्रभारी?
छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि नरगिस नाम की युवती के एक युवक से प्रेम संबंध हैं। युवक अब दूसरी शादी करना चाहता है। इसी बात को लेकर युवती बुधवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर कोतवाली लाया है और मामले में पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता और पूर्व में की गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Hot this week

संविधान की ताकत से मजबूत लोकतंत्र, जागरूक नागरिक ही सबसे बड़ी शक्ति- मीना जोशी

संविधान दिवस पर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के...

गांव के अखाड़े में सजा दंगल, पहलवानों ने दिखाए दमखम और दांव-पेच

बंथर में कुश्ती मुकाबलों का आयोजन, अविचल शुक्ला की...

उन्नाव में तीन अलग-अलग हादसों में तीन की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

उन्नाव। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों...

सदर विधायक पंकज गुप्ता के प्रयास रंग लाए, महापुरुषों और वीरांगनाओं के स्मृति स्थलों का होगा कायाकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्ताव को दी मंजूरी, विधानसभा...

Related Articles