बलरामपुर। दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए ग्राम शेखरपुर, हरिहरगंज में 14 वर्षों से बंद पड़े दुग्ध अवशीतन केंद्र का बुधवार को फिर से संचालन शुरू हो गया। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। वर्ष 2012 से बंद इस केंद्र के दोबारा शुरू होने से किसानों और पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर दूध की बिक्री की सुविधा मिलेगी।
केंद्र का संचालन फिलहाल 2000 लीटर प्रतिदिन की क्षमता से शुरू किया गया है। आगामी एक से दो माह में इसकी क्षमता बढ़ाकर 10 हजार लीटर करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे दुग्ध उत्पादकों को दूध की बिक्री के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी और उन्हें उचित मूल्य मिल सकेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित किया जा रहा है। केंद्र के संचालन के साथ ही जनपद के दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में नई दुग्ध समितियों का गठन किया जाएगा। इनके माध्यम से गांवों में ही दूध का संग्रहण कर केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। इससे अधिक से अधिक पशुपालक दुग्ध व्यवसाय से जुड़ सकेंगे।
इस अवसर पर नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के चयनित लाभार्थियों के लिए एक दिवसीय क्षमता उन्नयन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने योजना के तहत चयनित 28 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को 80 हजार रुपये मूल्य की दो गायें उपलब्ध कराई जाएंगी।
दुग्ध अवशीतन केंद्र के दोबारा संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, महाप्रबंधक दुग्ध संघ अनुज यादव सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थी मौजूद रहे।

