11 मुकाबलों में दर्ज की जीत, एसजीएफआई प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
बांदा। भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी के होनहार छात्र आरव मिश्रा ने सीबीएसई नेशनल कराटे चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में आरव ने अंडर-14 आयु वर्ग के 61 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
आरव ने प्रतियोगिता में लगातार 11 मुकाबलों में जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उसकी इस उपलब्धि के साथ ही स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की आगामी प्रतियोगिता के लिए भी चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता पंजाब के लुधियाना में आयोजित की जाएगी।
आरव की सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उसकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन अंकित कुशवाहा, डायरेक्टर संध्या कुशवाहा, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने आरव की सफलता का श्रेय उसके कोच तौफीक के कुशल मार्गदर्शन, कठिन प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन को दिया। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि आरव आगामी एसजीएफआई प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाएगा।
आरव मिश्रा ने कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

