बलरामपुर। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के संयुक्त संगठन ने ग्राम रोजगार सेवकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा है। संगठन ने मानदेय बढ़ाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और एचआर पॉलिसी लागू करने समेत चार प्रमुख मांगें उठाई हैं।ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार की ओर से समय-समय पर सौंपे गए कार्यों के साथ मनरेगा और अब जी रामजी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।संगठन की प्रमुख मांग है कि ग्राम रोजगार सेवकों का मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम 24 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए और इसके भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था हो। इसके अलावा ग्राम रोजगार सेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाए। कर्मचारियों के लिए एचआर पॉलिसी लागू करने की भी मांग की गई है।ज्ञापन में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम्य विकास विभाग के सभी कार्यों को ग्राम रोजगार सेवकों के जॉब चार्ट में शामिल कर उनका पदनाम ग्राम विकास सहायक किए जाने की मांग भी उठाई गई है।संगठन ने चेतावनी दी है। कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आह्वान पर तीन दिसंबर 2026 को ग्राम रोजगार सेवक विधानसभा का घेराव करेंगे। ज्ञापन संयुक्त संगठन के प्रदेश संयोजक भूपेश कुमार सिंह और कुलदीप द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों की ओर से भेजा गया है।
ग्राम रोजगार सेवकों ने मानदेय बढ़ाने समेत चार मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, तीन दिसंबर को विधानसभा घेराव की चेतावनी


