जयप्रभा ग्राम में हेलीपैड से लेकर कथा स्थल तक का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
गोंडा। इटियाथोक क्षेत्र के जयप्रभा ग्राम में आयोजित श्रीराम कथा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर हेलीपैड, कथा स्थल, मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
डीएम ने अधिकारियों को हेलीपैड, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, पार्किंग और यातायात सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाने को कहा। वहीं, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात नियंत्रण के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीडीओ दयानंद प्रसाद, एडीएम प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
