पैतृक संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई को लेकर उठे थे गंभीर सवाल, राजस्व विभाग की कार्यशैली भी आई थी सवालों के घेरे में
गोंडा। तरबगंज तहसील में नवीन परती की जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और राजस्व विभाग की कार्यशैली को लेकर उठे विवाद के बीच तहसीलदार तरबगंज का लखनऊ तबादला कर दिया गया है। इस मामले को लेकर दैनिक भारत कनेक्ट में प्रमुखता से प्रकाशित खबर के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई थी।
गौरतलब है कि तरबगंज तहसील के ग्रामसभा करौंदा में नवीन परती की जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। आरोप था कि राजस्व निरीक्षक ने संबंधित पक्ष की पैमाइश और पूर्व में उपलब्ध राजस्व अभिलेखों का समुचित परीक्षण किए बिना ही जमीन को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दौरान प्रतिष्ठित अधिवक्ता के परिवार की पैतृक संपत्ति को लेकर भी विवाद गहरा गया था। पीड़ित पक्ष ने अधिकारियों के चक्कर लगाने के बाद न्यायालय की शरण ली थी।
दैनिक भारत कनेक्ट ने इस पूरे प्रकरण को प्रमुखता से उठाते हुए राजस्व विभाग की कार्यशैली, बिना पैमाइश कार्रवाई और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए थे। खबर में यह भी उजागर किया गया था कि जब संबंधित जमीन को लेकर पूर्व में अधिकारियों की रिपोर्ट और अभिलेख मौजूद थे तो फिर दोबारा पैमाइश की नौबत क्यों आई। अब तहसीलदार तरबगंज का लखनऊ तबादला होने से इस प्रकरण ने एक बार फिर प्रशासनिक गलियारों में चर्चा पकड़ ली है।
खबर का असर: अतिक्रमण विवाद के बीच तहसीलदार तरबगंज का लखनऊ तबादला


