करदहा साधन सहकारी समिति में खाद वितरण पर गंभीर सवाल, नशे में रहने और चहेतों को लाभ पहुंचाने के किसानों ने लगाए आरोप
मौरावां, उन्नाव। किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें खाद-बीज समेत तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों की जमीनी हकीकत विकासखंड हिलौली के ग्राम करदहा स्थित साधन सहकारी समिति में सवालों के घेरे में है। यहां खाद वितरण व्यवस्था पर सचिव की कथित मनमानी भारी पड़ती दिखाई दे रही है। किसानों का आरोप है कि समिति में खाद आने के बावजूद गरीब और जरूरतमंद किसान दिनभर लाइन में खड़े रहते हैं, जबकि सचिव के चहेते बताए जाने वाले लोगों को बिना इंतजार किए कई-कई बोरी खाद उपलब्ध करा दी जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक समिति में तैनात सचिव नरेंद्र मिश्रा पर शराब के नशे में रहने और मनमाने ढंग से खाद वितरण करने के गंभीर आरोप हैं। किसानों का कहना है कि जब समिति में खाद पहुंचती है तो सचिव कथित तौर पर अपने कुछ चुनिंदा लोगों को प्राथमिकता देते हैं। किसी को दस बोरी तो किसी को बीस बोरी तक खाद दे दी जाती है, जबकि सुबह से शाम तक इंतजार करने वाले गरीब किसानों को खाद खत्म होने या दूसरे दिन आने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है। इस कथित भेदभावपूर्ण व्यवस्था से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। राजकुमार, देशराज, चंडिका प्रसाद, धर्मराज, गणेश प्रसाद, जगदीश प्रसाद, संतोष कुमार, नवीन कुमार, रामकुमार, गुड्डू कुशवाहा, महावीर और अरुण कुमार समेत करीब आधा सैकड़ा किसानों ने आरोप लगाया कि समिति से खाद नहीं मिलने के कारण उन्हें खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि सरकारी दर पर खाद पाने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटना उनकी मजबूरी बन गई है।
सवालों के घेरे में खाद वितरण व्यवस्था
किसानों ने सवाल उठाया कि जब समिति में खाद किसानों के लिए आती है तो उसका लाभ चुनिंदा लोगों तक ही क्यों सीमित रह जाता है? खाद वितरण का कोई पारदर्शी नियम लागू क्यों नहीं कराया जा रहा? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को समिति में चल रही कथित मनमानी की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद जानबूझकर अनदेखी की जा रही है?
किसानों ने जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से समिति में खाद के स्टॉक, वितरण रजिस्टर और बिक्री की जांच कराने के साथ सचिव की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि किसानों की इस शिकायत पर जिम्मेदार अधिकारी जांच कर व्यवस्था सुधारते हैं या फिर सरकारी खाद की किल्लत के बीच गरीब किसान यूं ही चहेतों की कथित मनमानी का शिकार होते रहेंगे।
खाद वितरण में मनमानी! गरीब किसान लाइन में, चहेतों की ट्रैक्टर-ट्रॉली भर रहे सचिव

