ईंट भट्ठे की खंती के पास शव मिलने से सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम; मौत की वजह तलाश रही पुलिस
उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के भदवेरा गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब ईंट भट्ठे की खंती के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक के शरीर पर कालिख पुती होने की बात सामने आने से मामला और संदिग्ध हो गया। शव की पहचान दस दिन से लापता युवक के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बिहार थाना क्षेत्र के पान कुँवर खेड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पाल (36) पुत्र बिंदादीन 18 नवंबर को घर से लापता हो गए थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद बिहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शनिवार को भदवेरा गांव स्थित ईंट भट्ठे की खंती के पास झाड़ियों में ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

