Home उत्तर प्रदेश कन्नौज आशा पब्लिक स्कूल की वैन पेड़ से टकराकर पलटी, बच्चे घायल

आशा पब्लिक स्कूल की वैन पेड़ से टकराकर पलटी, बच्चे घायल

0

स्टीयरिंग लॉक होने से हादसे का दावा, टूटा शीशा और वाहनों की फिटनेस को लेकर परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर उठाए गंभीर सवाल
छिबरामऊ, कन्नौज। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के सलेमपुर स्थित आशा पब्लिक स्कूल की बच्चों को लाने-ले जाने वाली वैन फर्रुखाबाद जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में गदनपुर तुर्रा के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन पलट गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चों के चोटिल होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैन का स्टीयरिंग लॉक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसके बाद वाहन पलट गया। हादसे के बाद बच्चों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद आशा पब्लिक स्कूल के प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। घायल बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरत रहा है। स्कूल में संचालित वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच नहीं कराई जाती। वहीं, बच्चों ने भी आरोप लगाया कि वैन का साइड वाला शीशा तक टूटा हुआ था। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा किसका है?
मासूमों की जान से खिलवाड़ कब तक? स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यदि वाहन की खिड़की का शीशा टूटा हो और उसकी फिटनेस पर भी सवाल उठ रहे हों तो यह बेहद गंभीर मामला है। स्टीयरिंग लॉक होने की बात सामने आने के बाद वाहन की तकनीकी जांच भी जरूरी हो गई है।
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग इस घटना को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या स्कूल में संचालित अन्य वाहनों की भी फिटनेस जांच कराई जाएगी या फिर किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किया जाएगा?

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version