उन्नाव। आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण में खराब प्रगति और फरियादियों की कम संतुष्टि पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने मंगलवार को संबंधित खंड विकास अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिन में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण है।
कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने आईजीआरएस, सीएम डैशबोर्ड, राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों, फैमिली आईडी, स्वामित्व योजना और कृषक दुर्घटना योजना समेत विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान शिकायतकर्ताओं के असंतुष्टि स्तर को लेकर डीएम ने गंजमुरादाबाद, सिकंदरपुर कर्ण, सिकंदरपुर सरोसी, सफीपुर, नवाबगंज और फतेहपुर चौरासी के खंड विकास अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का परीक्षण कर मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
लंबित वादों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिला अधिकारियों से तहसीलवार धारा 34, 24 और 116 से संबंधित लंबित वादों की जानकारी ली। उन्होंने अभियान चलाकर लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही फैमिली आईडी में अंश निर्धारण, स्वामित्व योजना और कृषक दुर्घटना योजना के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनपद की रैंकिंग किसी भी स्थिति में नीचे नहीं जानी चाहिए। यदि रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से विभागीय कार्यों की लगातार समीक्षा करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा।
राजस्व वसूली में पिछड़े विभागों पर भी नाराजगी
सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से सरकारी एवं गैर सरकारी विभागों की राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई। आबकारी, परिवहन, वन, मंडी और सिंचाई समेत अन्य विभागों की वसूली में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में उपजिलाधिकारी अजेंद्र सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आईजीआरएस में खराब प्रगति पर बीडीओ को फटकार- डीएम बोले दो दिन में सुधार न हुआ तो होगी कार्रवाई


