चौसड़ गांव में आपसी विवाद के दौरान हुई थी हत्या, महिला भी हुई थी घायल
बांदा। बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चौसड़ में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सांगा और डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की रात ग्राम चौसड़ में आपसी विवाद के दौरान आरोपियों ने सांगे और डंडे से हमला कर राम मनोहर की हत्या कर दी थी। घटना में एक महिला भी घायल हो गई थी। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर थाना बिसंडा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी राजकरन पुत्र ननकू और उसके पुत्र नीरज पुत्र राजकरन निवासी ग्राम चौसड़, थाना बिसंडा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सांगा और डंडा बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बिसंडा में मुकदमा संख्या 514/26, धारा 103(1)/109 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक श्यामबहादुर सिंह और हेड कांस्टेबल मुजीब अहमद शामिल रहे।
