प्रमोद दीक्षित मलय
हमें यदि किसी व्यक्ति या समाज की सोच एवं मानवीय दृष्टि का आकलन करना हो तो शिक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की सार्वजनिक उपलब्धता एवं आमजन की पहुंच को समझना होगा। इस त्रिकोण की शिक्षा एवं स्वच्छता की आधार रेखा से स्वास्थ्य, स्वावलंबन, सम्मान एवं समुत्कर्ष का वर्गाकार फलक निर्मित होता है, जिस पर सुमधुर सुवासित जीवन के सुमन खिलते हैं। स्वच्छता को भारतीय वांग्मय में सर्वोपरि रखते हुए देवताओं की प्रसन्नता का हेतु बताया गया है। संत गाडगे बाबा, राष्ट्रसंत तुकडो जी, महात्मा गांधी, विनोबा भावे प्रभृति अनेकानेक महापुरुषों ने व्यक्तिगत जीवन एवं परिवेश में स्वच्छता का महत्व अपने आचरण से सिद्ध कर समाज के सम्मुख उदाहरण प्रस्तुत किया है। खुले में शौच जाना स्वच्छ परिवेश की रचना में एक बड़ी बाधा के रूप में उपस्थित होता है। यह न केवल वातावरण को प्रदूषित-कलुषित करता है बल्कि रोंगों के फैलाव का माध्यम भी बनता है। खुले में शौच जाना न केवल मानवीय गरिमा, सम्मान एवं निजता पर एक गम्भीर संकट है, अपितु सामाजिक एवं पर्यावरणीय क्षति भी है। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए तो खुले में शौच जाना हिंसा एवं बलात्कार का कारण भी बनता है। स्वच्छता को अपनाने हेतु संयुक्त राष्ट्रसंघ द्वारा प्रत्येक वर्ष 19 नवम्बर को विश्व शौचालय दिवस मनाना स्वच्छता संकट के प्रति वैश्विक जन-जागरूकता एवं सुरक्षित स्वच्छता कार्यों एवं संसाधनों तक आम आदमी की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास है ताकि रोग-शोक मुक्त परिवेश की सर्जना हो सके। विश्व शौचालय दिवस पर प्रत्येक वर्ष थीम आधारित आयोजन होते हैं। वर्ष 2026 की थीम है – सुरक्षित शौचालय, समान भविष्य। यह थीम स्वच्छता और लैंगिक समानता के सम्बंध में महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, मर्यादा एवं गरिमा बनाये रखने का संदेश देते हुए उन्हें बिना किसी क्षति एवं बाधा के स्कूल एवं कार्यालय जा सकने, दैनंदिन कार्य निसंकोच एवं सुगमता पूर्वक कर सकने तथा सामाजिक उत्सवों में सहज सहभागिता कर सकने हेतु प्रेरित एवं सशक्त करता है।
स्वच्छता मानव जीवन के लिए एक अत्यावश्यक व्यवहार है। स्वच्छता से मन को शांति मिलती है और तन को स्वास्थ्य-सुख। स्वच्छता का आचरण व्यक्ति एवं परिवेश में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह करता है। जहां स्वच्छता है, वहां सुख, शांति एवं समद्धि का वास है, वहां प्रेम-सद्भाव, मधुरता एवं आत्मीयता का निर्मल निर्झर प्रवहमान होता है। स्वच्छता व्यक्ति के जीवन से कलुषता, कुभाव, कुटिलता और कुसंगति के दोष-दुर्गुणों को दूर कर उसे सद्गुणों से सम्पन्न कर देती है। स्वच्छता के महत्व को श्रीमद्भग्वद्गीता तथा रामचरित मानस में भी रेखांकित किया गया है। भारतीय दर्शन ने तो शारीरिक एवं परिवेशीय स्वच्छता से बहुत आगे बढ़कर व्यक्ति के मन, बुद्धि एवं आत्मा की निर्मलता की बात की है। जल एवं मिट्टी को अस्वच्छता को दूर करने वाला आवश्यक घटक कहा गया है, किंतु खुले में शौच जाने से जल एवं मृदा ही अस्वच्छ हैं। हवा, पानी और माटी की स्वच्छता सरकार एवं समाज की प्राथमिकता में होने चाहिए, किंतु गम्भीरता एवं उचित उद्यमता का अभाव है।
दुनिया को स्वच्छ बनाये रखने की दिशा में विश्व शौचालय संगठन ने सर्वप्रथम वर्ष 2001 में 19 अक्टूबर को विश्व शौचालय दिवस मना कर पहल की थी और दुनिया का ध्यान स्वच्छता संकट की ओर खींचा था। आगे 24 जुलाई, 2013 को संयुक्त राष्ट्रसंघ ने प्रस्ताव पारित कर 19 नवम्बर को विश्व शौचालय दिवस के रूप में मनाते हुए स्वच्छता के प्रति मानसिकता निर्माण करने का संकल्प लिया था। संयुक्त राष्ट्रसंघ के सतत विकास लक्ष्य-6 अंतर्गत 2030 तक सभी के लिए स्वच्छ जल एवं शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। किंतु यह लक्ष्य प्राप्त कर पाना असम्भव नहीं तो कठिन अवश्य है। कुछ आंकड़ों की बात करूं तो आज भी लगभग 3 अरब आबादी के पास पर्याप्त सुरक्षित स्वच्छता के घटक जल, शौचालय, आवास एवं पर्यावरण उपलब्ध नहीं है। एक अरब लोग खुले में शौच करने को विवश हैं, जिसकी आधी से अधिक संख्या भारत में निवास करती है। खुले में शौच करना महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अत्यंत कष्टप्रद तथा स्त्री मर्यादा, निजता, सम्मान एवं सुरक्षा के लिए बड़ा संकट है। हिंसा, छेड़खानी एवं बलात्कार की घटनाएं प्रायः ऐसे मौकों पर अधिक होती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन की वर्ष 2023 की रिपोर्ट सोचने को मजबूर करती है कि अस्वच्छ जल एवं गंदगी के चलते विश्व में प्रति दिन 5 वर्ष से कम आयु के लगभग 1000 बच्चों की मृत्यु हो जाती है, यह सरकारों एवं संस्थाओं के सम्मुख सवाल है कि उनके अधूरे प्रयास अंततः कब पूर्ण होंगे।
स्वच्छता एवं शौचालय सुविधा के सम्बंध में मैं अगर भारत के संदर्भ में बात करूं तो सिंधु घाटी सभ्यता में शौचालय, स्नानागार और जल निकासी हेतु ढकी नालियों का प्रबंध आश्चर्य एवं गर्व की अनुभूति कराता है। उत्खनन में प्राप्त भग्नावशेष सिद्ध करते हैं कि प्राचीन काल में नगर नियोजन में स्वच्छता को कितना महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त था। यह तत्कालीन समाज की स्वच्छता विषयक सम्यक जीवन-दृष्टि का परिचायक है। किलों एवं महलों में भी शौचालय देखे जा सकते हैं। आधुनिक इतिहास में सन् 1878 में अंग्रेज़ों द्वारा स्वच्छता कानून लागू कर भारतीय ब्रिटिश राजधानी कलकत्ता में शौचालय स्थापित करने के निर्देश दिए गये थे। 2 अक्टूबर, 2014 को भारत सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम आरम्भ किया, इसके अंतर्गत सरकारी मदद से देश भर में लगभग 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया गया है। राष्ट्रीय परिवार सर्वेक्षण-6 वर्ष 2026 के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 94 तथा शहरों में 99 प्रतिशत लोगों के पास शौचालय सुविधा उपलब्ध हो गई है। बड़ी संख्या में गांवों एवं शहरों ने स्वयं को खुले में शौच से मुक्त क्षेत्र घोषित किया है। स्वच्छता एवं शौचालय सुविधा का संदर्भ आए तो बिहार में जन्मे डॉ. बिंदेश्वर पाठक का नाम स्मरण होना स्वाभाविक है, जिन्होंने 1970 में सुलभ शौचालय काम्प्लेक्स की स्थापना कर सामान्य जन के लिए न केवल सम्मानजनक शौच सुविधा उपलब्ध कराई बल्कि स्वच्छता के महत्व से परिचित करा जागरूकता का प्रसार भी किया। भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री और पद्मविभूषण उपाधि भेंट कर अभिनंदन किया। एक रोचक जानकारी के साथ लेख को समाप्त करूंगा। पहले ट्रेनों में शौचालय सुविधा नहीं होती थी। शौच हेतु ट्रेन से उतर कर स्टेशन पर जाना होता था। वर्ष 1909 में एक यात्री अखिल चंद्र सेन की ट्रेन शौच जाने पर छुट गई। तब 2 जुलाई, 1909 को अखिलचंद्र सेन ने रेलवे बोर्ड को पत्र लिख ट्रेन के डिब्बों में शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की, जिसे आगे पूरा किया गया। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर हमें संकल्प लेना होगा कि हम अपने घर एवं परिवेश को स्वच्छ बनाना होगा ताकि देश स्वच्छ बने और यह दुनिया भी।
लेखक शिक्षक एवं शैक्षिक संवाद मंच के संस्थापक हैं।
खुले में शौच से मुक्ति : मानवीय गरिमा एवं निजता के लिए आवश्यक पहल


