‘परंपरा से पोषण’ अभियान से दूर होगा कुपोषण, 200 बच्चों की माताओं को बांटी गई पोषण पोटली

लोहे की कढ़ाई, चने का सत्तू, गुड़ और पोषाहार के जरिए माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार की पहल
बलरामपुर। माताओं और बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए जिले में ‘परंपरा से पोषण’ अभियान की शुरुआत की गई है। आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल की प्रेरणा एवं निर्देशन में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने 200 अति गंभीर कुपोषित (सैम) एवं मध्यम गंभीर कुपोषित (मैम) बच्चों की माताओं को विशेष पोषण पोटली वितरित की।विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। ‘परंपरा से पोषण’ अभियान कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने माताओं से बच्चों के खानपान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कहा कि कुपोषण दूर करने में पारंपरिक खानपान की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर पोषण के लिए महंगे खाद्य पदार्थों पर निर्भर रहने के बजाय घर की रसोई में आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री का संतुलित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोषण पोटली का वितरण केवल शुरुआत है। वास्तविक बदलाव तब आएगा, जब परिवार रोजमर्रा के भोजन में पौष्टिक और संतुलित आहार को प्राथमिकता देंगे।पोषण पोटली में नौ प्रकार की सामग्री सैम और मैम बच्चों की माताओं को दी गई पोषण पोटली में लोहे की कढ़ाई, चने का सत्तू, गुड़, चना, अनुपूरक पोषाहार, ओआरएस पैकेट, आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) टैबलेट, विटामिन डी-3 और जिंक टैबलेट शामिल हैं। लोहे की कढ़ाई में भोजन पकाने से उसमें लौह तत्व की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। चने का सत्तू और गुड़ ऊर्जा, प्रोटीन एवं लौह तत्व के स्रोत हैं। अनुपूरक पोषाहार बच्चों के पोषण स्तर में सुधार करने में सहायक है। वहीं आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन डी-3 और जिंक का सेवन चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार करने की सलाह दी गई।जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक खानपान को बढ़ावा देने के साथ ही माताओं को पोषण के प्रति जागरूक करना और परिवारों में स्वस्थ खानपान की आदत विकसित करना है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तखार अहमद, बाल विकास परियोजना अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, माताएं और बच्चे मौजूद रहे।

Hot this week

संविधान गौरव दिवस पर भाजपा की संगोष्ठी, संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी बोलीं- संविधान लोकतंत्र की सबसे...

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, पुलिसकर्मियों ने ली संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ

एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों को निष्पक्षता, ईमानदारी...

माता-पिता दोनों के निधन से अनाथ हुई नाबालिग खुशी, आर्थिक मदद के लिए डीएम से लगाई गुहार

बांदा। जनपद की पैलानी तहसील क्षेत्र के झंझरी पुरवा...

पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच टकराव, घरों में तोड़फोड़ का आरोप

कब्रिस्तान के पास ई-रिक्शा निकालने को लेकर शुरू हुआ...

प्रतिभा खोज परीक्षा में 44 बच्चों ने लिया हिस्सा

मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर किया जाएगा सम्मानित,फाउंडेशन...

Related Articles