बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रभारी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से उपलब्ध कराने और आवेदनों को शत-प्रतिशत अग्रसारित करने पर जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि किसी भी पात्र छात्र का आवेदन लंबित न रहे और विद्यालय स्तर पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर निर्धारित समय सीमा में आवेदन अग्रसारित किए जाएं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को विद्यालयों में साफ-सफाई, सुरक्षित परिसर एवं कक्षाओं की व्यवस्था, प्रोजेक्ट अलंकार, ज्ञान एकेडमी, यूनिट टेस्ट, वार्षिकोत्सव और पुरातन छात्र सम्मेलन के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्री-बोर्ड परीक्षाओं से पहले पाठ्यक्रम पूरा कराने, यू-डायस ड्रॉप बॉक्स, विद्यालयों में रीडिंग कल्चर विकसित करने, पुस्तकालय का नियमित उपयोग और डिजिटल संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी, राज्य शिक्षक पुरस्कार और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानाचार्य नित्यानंद चतुर्वेदी, आशीष मौर्य, गीता गौतम, जिला समन्वयक आशीष कुमार वर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। सभी प्रधानाचार्यों से निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों के हित में कार्य करने की अपेक्षा की गई।

