बच्चियों के बीच मनाया जिलाधिकारी ने जन्मदिन, केक काटकर बांटी खुशियां

छात्राओं के साथ डीएम ने किया भोजन, स्मार्ट क्लास और सुविधाओं का लिया जायजा

सोनभद्र। जन्मदिन पर आमतौर पर होने वाले औपचारिक आयोजनों से अलग जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को अपना जन्मदिवस छात्राओं के बीच पहुंचकर मनाया। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं के साथ केक काटा और उनके साथ भोजन कर खुशियां साझा कीं। डीएम के इस अंदाज से छात्राओं के चेहरों पर भी खुशी नजर आई।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं। छात्राओं ने अलग-अलग क्षेत्रों में जाने और अपने लक्ष्य हासिल करने की इच्छा जताई। डीएम ने उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, खेल, तकनीक और सेना समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। छात्राएं अपनी क्षमता को पहचानें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए देश के विकास में भागीदार बनें। जिलाधिकारी ने जनपद के अधिकारियों को भी विशेष अवसरों पर विद्यालयों, आश्रम पद्धति विद्यालयों और बाल संस्थानों में जाकर बच्चों के साथ खुशियां साझा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच समय बिताने और उनसे संवाद करने से उनमें अपनत्व, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित होती है। ऐसे छोटे प्रयास बच्चों के लिए यादगार बनते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की नई ऊर्जा देते हैं। डीएम ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास और डिजिटल माध्यम से हो रही पढ़ाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डिजिटल संसाधनों के उपयोग, शिक्षण प्रक्रिया और छात्राओं की सहभागिता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तकनीक के जरिए शिक्षा को अधिक रोचक और प्रभावी बनाया जा सकता है, इसलिए छात्राओं को डिजिटल शिक्षा का अधिकतम लाभ दिया जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय तक आने-जाने के मार्ग, पठन-पाठन और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं का तत्काल आकलन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वच्छता का भी जायजा लिया तथा छात्राओं से भोजन को लेकर फीडबैक लिया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी कैमूर वन्यजीव प्रभाग मिर्जापुर आरुषि मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज महेंद्र मौर्य सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

Hot this week

आय-जाति-निवास पोर्टल ठप! मेधावी छात्राओं के स्कूटी आवेदन पर बड़ा संकट

जलालपुर अंबेडकर नगर। सरकार की मेधावी बालिका स्कूटी योजना...

शिव महापुराण कथा से पहले निकाली गई भव्य कलश यात्रा

रायबरेली के ऊंचाहार कलश यात्रा में पहुंचे एडीजी और...

भारी बारिश से तिल, उड़द और मूंग की फसल चौपट, किसानों ने मांगा मुआवजा

बांदा। जिले के जसपुरा विकासखंड के कई ग्राम पंचायत...

बदहाली की मार: सौ शैया अस्पताल में बेडों से चादरें गायब, घंटों अंधेरे में रहे मरीज

अव्यवस्थाओं से आक्रोशित सामाजिक संगठनों और किसान नेताओं ने...

Related Articles