उन्नाव। बारा सगवर थाना क्षेत्र के बाबूखेड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय युवक ने शनिवार देर शाम ससुराल में पत्नी से विवाद के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
बाबूखेड़ा निवासी सुंदरलाल का पुत्र रामसुमेर अपनी पत्नी सोनी (20) पुत्री जयप्रकाश निवासी अमानखेड़ा को विदा कराने के लिए शनिवार देर शाम ससुराल गया था। सोनी पिछले कई महीनों से मायके में रह रही थी। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर रामसुमेर ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को आग लगा ली। आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस की मदद से झुलसे युवक को बीघापुर स्थित 100 बेड अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से चिकित्सकों ने कानपुर के उर्सला अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने बताया कि युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।


