उन्नाव। लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर जैतीपुर और अजगैन रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-23 अब तीन महीने तक बंद रहेगी। निर्माणाधीन दो लेन आरओबी के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के चलते 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक रेलवे फाटक से सभी प्रकार का यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करना होगा।
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड की सेतु निर्माण इकाई उन्नाव के परियोजना प्रबंधक नरेंद्र सिंह की ओर से जारी पत्र के अनुसार, क्रॉसिंग संख्या-23 पर निर्माणाधीन आरओबी के गर्डर लॉन्चिंग कार्य को सुरक्षित ढंग से पूरा कराने के लिए रेलवे फाटक बंद किया गया है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद स्थानीय प्रशासन के माध्यम से फाटक पर यातायात बंद कराया गया है।
भारी वाहनों का रूट अलग, हल्के वाहनों के लिए भी डायवर्जन
फाटक बंद रहने के दौरान भारी वाहनों के लिए अजगैन कोतवाली से कानपुर की ओर पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
वहीं हल्के वाहनों के लिए अजगैन कोतवाली से लखनऊ की ओर पीडब्ल्यूडी के वैकल्पिक मार्ग से आवागमन कराया जाएगा।
तीन महीने की बंदी से बढ़ेगी राहगीरों की मुश्किल
रेलवे फाटक बंद होने से स्थानीय वाहन चालकों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अब निर्धारित डायवर्जन का सहारा लेना पड़ेगा। आरओबी निर्माण पूरा होने के बाद क्रॉसिंग पर जाम और रेलवे फाटक बंद होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।



