पांच दिन में दुरुस्त होंगी गोशालाओं की व्यवस्थाएं, लापरवाही पर बीडीओ पर गिरेगी गाज-डीएम

डीएम ने ऑनलाइन बैठक में जताई कड़ी नाराजगी, ठंड से बचाव के लिए त्रिपाल, बोरा और पौष्टिक चारे के इंतजाम के निर्देश
उन्नाव। सर्दी और शीतलहर का असर बढ़ने से पहले गोवंशों को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट से ऑनलाइन बैठक कर सभी खंड विकास अधिकारियों से गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाओं को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए पांच दिन के भीतर सभी कमियां दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित बीडीओ की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि ठंड से बचाव के नाम पर केवल कागजी इंतजाम स्वीकार नहीं होंगे। सभी गोशालाओं के शेड को त्रिपाल और बोरों से ढकने के साथ गोवंशों को जूट के बोरों से बने झूल पहनाने की व्यवस्था की जाए। रात में कोई भी गोवंश खुले आसमान के नीचे नहीं रहना चाहिए। वहीं दिन में उन्हें पर्याप्त धूप में रखा जाए। जरूरत के अनुसार अलाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने गोशालाओं में भूसा, पराली, हरा चारा, खली, चोकर, दाना और गुड़ की पर्याप्त उपलब्धता रखने के निर्देश दिए। भूसे के साथ हरा चारा और पौष्टिक आहार मिलाकर गोवंशों को खिलाने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही गोबर, गोमूत्र और गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने और साफ-सफाई बनाए रखने को कहा।

छुट्टा गोवंश मिले तो अधिकारियों की जवाबदेही तय
बैठक में छुट्टा गोवंशों की समस्या पर डीएम ने खंड विकास अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कहीं भी छुट्टा गोवंश सड़क या खुले स्थान पर घूमते मिले तो संबंधित बीडीओ की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। गोवंश संरक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
डीएम ने सभी गोशालाओं के नोडल अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर कमियां चिह्नित करने और पांच दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जल्द ही नोडल अधिकारियों के साथ अलग से समीक्षा बैठक होगी। जनपद के वरिष्ठ अधिकारी भी गोशालाओं का निरीक्षण करेंगे। कमियां मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत, दोनों वाहन बने आग का गोला, बाल-बाल बचे सवार

नवाबगंज उन्नाव । अजगैन-मोहान मार्ग पर शुक्रवार देर रात...

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

उन्नाव। शनिवार को तहसील बीघापुर में आयोजित संपूर्ण समाधान...

Related Articles