चेकिंग अभियान में 3.99 लाख रुपये का लगाया जुर्माना, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सबसे अधिक की कार्रवाई
कासगंज। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कासगंज पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। यातायात माह नवंबर के तहत रविवार को यातायात पुलिस ने जिले के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 220 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि दो वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 3 लाख 99 हजार रुपये का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में सिकंदराराऊ रोड तिराहा, रोडवेज बस स्टैंड और गोरहा बाईपास पर चेकिंग की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और यातायात नियमों के पालन की जांच की।
चेकिंग में सबसे अधिक 125 चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के किए गए। वहीं दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 27, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने वाले 14 तथा बिना बीमा वाहन चलाने वाले 11 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले छह, मोडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले पांच और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले तीन वाहन चालक भी कार्रवाई की जद में आए।
इसके अलावा पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले 12, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के बिना वाहन चलाने वाले छह तथा बिना फिटनेस वाहन चलाने वाले तीन वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दो मामलों सहित अन्य उल्लंघनों पर भी पुलिस ने चालान किए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर स्टंटबाजी से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 220 वाहनों के चालान, दो सीज

