वोट जनता का, सत्ता विधायक की, काम की गारंटी फिर भी नहीं, मोहान में विधायक का वायरल बयान बना चर्चा का विषय

अधिकारी नहीं सुनते तो जनता कहां जाए।
2027 से पहले जनप्रतिनिधि की जवाबदेही पर उठे सवाल

उन्नाव। जनता के वोट से दो बार विधानसभा पहुंचने वाले मोहान के भाजपा विधायक ब्रजेश कुमार रावत अब एक फरियादी को उसकी समस्या के समाधान की गारंटी देने के बजाय किस्मत और भगवान का भरोसा दिलाते सुनाई दे रहे हैं। उनका कथित बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। विधायक का कहना है कि अधिकारी नहीं सुन रहे तो वह कलम पकड़कर काम थोड़े ही करा सकते हैं, बाकी सब फरियादी की किस्मत है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जब अधिकारी नहीं सुनेंगे और विधायक भी अपनी जिम्मेदारी से हाथ खड़े कर देंगे, तो आम आदमी आखिर अपनी फरियाद लेकर किसके दरवाजे जाएगा।
प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का दौर धीरे-धीरे शुरू हो रहा है। जनता अपने प्रतिनिधियों से पांच साल के कामकाज का हिसाब मांगने की तैयारी में है। ऐसे समय में सत्ताधारी दल के विधायक का यह कथित जवाब जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर रहा है।

अधिकारी नहीं सुनते तो विधायक की भूमिका क्या रह जाती है…….
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक फरियादी अपनी समस्या लेकर विधायक ब्रजेश रावत के पास पहुंचता दिखाई देता है। विधायक संबंधित अधिकारी को फोन लगाते हैं और स्पीकर पर बातचीत भी सुनाते हैं। बताया जाता है कि अधिकारी ने कुछ कागजात मांगे थे। जिन्हें व्हाट्सऐप पर भेजने की बात भी विधायक करते हैं।
इसके बाद विधायक का जवाब सुर्खियों में आ जाता है। वह कहते सुनाई देते हैं कि अधिकारी नहीं सुन रहे तो क्या करें। कलम पकड़कर थोड़ी न काम करा देंगे। काम की गारंटी उनके पास नहीं है। किसी की किस्मत बनाना-बिगाड़ना उनके हाथ में नहीं, यह ऊपर वाले का काम है।
अब सवाल यह है कि जनता अधिकारी के पास जाने के बाद ही तो जनप्रतिनिधि का दरवाजा खटखटाती है। अगर वहां भी उसे किस्मत का हवाला मिले तो उसकी सुनवाई कौन करेगा? क्या विधायक की जिम्मेदारी सिर्फ अधिकारी को फोन लगाने तक है या समस्या का समाधान होने तक पैरवी करना भी उनकी जवाबदेही में शामिल है।

इतिहास पढ़ाने से राजनीति तक का सफर, दो बार मिला जनता का साथ….
ब्रजेश कुमार रावत राजनीति में आने से पहले उन्नाव के अटल बिहारी इंटर कॉलेज में इतिहास के प्रवक्ता थे। भाजपा ने 2017 में उन्हें मोहान विधानसभा सीट से पहली बार टिकट दिया। उन्होंने पहले ही चुनाव में जीत दर्ज की। उन्हें 1,04,884 वोट मिले, जबकि बसपा प्रत्याशी राधेलाल रावत को 50,789 वोट मिले थे। जीत का अंतर 54,095 मतों का रहा।
2022 में भाजपा ने दोबारा उन पर भरोसा जताया और जनता ने भी उन्हें विधानसभा पहुंचाया। इस चुनाव में ब्रजेश रावत को 1,13,291 वोट मिले और उन्होंने सपा प्रत्याशी डॉ. आंचल को 43,179 वोटों से शिकस्त दी।यानी जनता ने लगातार दो बार उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना। लेकिन अब एक फरियादी के सामने काम की गारंटी से हाथ खड़े करने वाला उनका कथित बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

भाजपा सरकार में पार्टी के विधायक की यह बेबसी या जवाबदेही से दूरी…..
प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मोहान सीट पर भी भाजपा का विधायक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते रहे हैं। ऐसे में यदि सत्ताधारी दल का विधायक ही यह कहता सुनाई दे कि अधिकारी नहीं सुनते तो वह क्या कर सकता है, तो यह सवाल सिर्फ विधायक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पर भी उठता है।
बेशक विधायक अधिकारियों की कुर्सी पर बैठकर सरकारी आदेश जारी नहीं कर सकते, लेकिन जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाना, अधिकारियों से जवाब मांगना और समाधान के लिए उच्च स्तर तक पैरवी करना उनकी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। ऐसे में फरियादी को किस्मत के भरोसे छोड़ देने वाला जवाब जनता के भरोसे को कमजोर कर सकता है।

2027 में वोट मांगने पहुंचेंगे तो जनता भी पूछेगी सवाल ……
अगला विधानसभा चुनाव 2027 में प्रस्तावित है। ऐसे में आने वाले समय में विधायक जब जनता के बीच पहुंचेंगे तो उनसे विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के निस्तारण का हिसाब भी मांगा जाएगा। सवाल यह भी होगा कि जिन अधिकारियों के न सुनने की शिकायतें जनता करती है, उनके खिलाफ जनप्रतिनिधि ने कितनी प्रभावी पैरवी की।विडंबना यह है कि जनता के वोट से विधाय की राजनीतिक किस्मत दो बार चमकी, लेकिन जब एक फरियादी अपने काम की उम्मीद लेकर पहुंचा तो उसे अपनी किस्मत के भरोसे रहने का संदेश मिलता सुनाई दिया। अब सवाल विधायक से है कि जनता ने उन्हें अपनी किस्मत का फैसला करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी आवाज उठाने के लिए चुना था। 2027 में जनता वोट देने से पहले यह जरूर पूछेगी कि विधायक जी, पांच साल में आपकी पैरवी से कितने काम हुए और कितने फरियादियों को किस्मत के भरोसे छोड़ दिया गया।

Hot this week

महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष बनने पर रश्मि गर्ग का ग्रामीणो ने किया स्वागत

चित्रकूट। पूर्व सांसद प्रकाश नारायण त्रिपाठी टिकरिया की नातिन...

सीतापुर रैन बसेरा मे लगा काली कंबल वाले बाबा का दरबार

भक्तो का लग रहा तांबा, लकवा मरीजो को मिल...

सेवा और संकल्प के रूप मे मनाया गया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन

भाजपाइयो ने मंदिर मे दर्शन कर की लंबी उम्र...

समाजवादी पार्टी के संस्थापक की जयंती पर सीएचसी बबेरू में पूर्व मंत्री व विधायक ने मरीजों को बांटे फल

बबेरू, बांदा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी...

Related Articles