12 सूत्रीय मांगों को लेकर रोडवेज संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों ने दिया धरना

पारिश्रमिक बढ़ाने, नियमित करने, चिकित्सा सुविधा और मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने की उठाई मांग
बलरामपुर। रोडवेज डिपो में शुक्रवार को संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। प्रांतीय आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक चला। इस दौरान कर्मचारियों ने परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ अपनी समस्याएं उठाते हुए लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।कर्मचारियों ने संविदा चालकों और परिचालकों का पारिश्रमिक बढ़ाने तथा संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए सेवा नियमावली बनाकर चरणबद्ध तरीके से नियमित करने की मांग की। उनका कहना था कि 50 प्रतिशत या उससे कम लोड फैक्टर होने पर प्रोत्साहन राशि में एक तिहाई कटौती की व्यवस्था समाप्त की जाए। इसके साथ ही रात्रि-दिन आउट, रात्रि पाली और प्रदूषण भत्तों की दरों में संशोधन किया जाए। कर्मचारियों ने कैशलेस चिकित्सा अथवा ईएसआई सुविधा उपलब्ध कराने और ईपीएफ कटौती के लिए निर्धारित 5500 व 6500 रुपये की सीमा समाप्त कर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कटौती करने की मांग भी उठाई।धरने में संविदा परिचालकों को चालकों की तरह वरिष्ठता का लाभ और निर्धारित मासिक राशि देने की मांग की गई। तय किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने पर अतिरिक्त भुगतान की दर बढ़ाने और दुर्घटनारहित सेवा के लिए पुरस्कार देने की मांग भी रखी गई। कर्मचारियों ने कहा कि दुर्घटना या गंभीर बीमारी के कारण तीन महीने या उससे अधिक चिकित्सा अवकाश लेने वाले उत्कृष्ट और उत्तम श्रेणी के कर्मचारियों को उनकी श्रेणी से बाहर नहीं किया जाना चाहिए।इसके अलावा चालक की गलती नहीं होने पर पुलिस चालान की राशि और कम आय अथवा डीजल औसत के नाम पर वेतन से कटौती बंद करने की मांग की गई। रुपैडिहा और बिन्ध्यनगर डिपो के कर्मचारियों को समान पारिश्रमिक देने के साथ मृतक संविदा कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने की मांग भी उठाई गई। कर्मचारियों ने कहा कि 10 वर्ष या उससे अधिक सेवा करने वाले कर्मचारियों को 60 वर्ष की आयु पूरी होने पर उपादान अथवा सेवा पारितोषिक दिया जाए।कर्मचारियों ने परिवहन निगम प्रबंधन से सभी लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान कराने और संविदा व आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बेहतर सेवा शर्तें लागू करने की मांग की।

Hot this week

स्लीपर बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 14 का चालान, एक बस सीज

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और उन्नाव-कानपुर मार्ग पर चला सघन चेकिंग...

आरव मिश्रा ने कराटे चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण पदक

11 मुकाबलों में दर्ज की जीत, एसजीएफआई प्रतियोगिता के...

बाल विवाह के खिलाफ बेटियों ने संभाली कमान, 100 योद्धा तैयार करने का लक्ष्य

बलरामपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब...

तीन नंबर से भी कमजोर ईंटों से निर्माण का आरोप, बालू-सीमेंट के मिश्रण पर उठे सवाल

जिला पंचायत सदस्य ने अध्यक्ष को सौंपा शिकायती पत्र,...

Related Articles