फतेहपुर। ढकौली के पास स्थित एक लॉज में विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो व पूर्व मंत्री बिहार सरकार मुकेश साहनी मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक मोदी सरकार निषाद समाज को आरक्षण नहीं दे देती तब तक विकासशील इंसान पार्टी गंगाजल लेकर यह संकल्प लेती है कि अपने समाज को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ाई लड़ती रहेगी और अगर चुनाव के पहले उन्हें आरक्षण नहीं मिलता तो विकासशील इंसान पार्टी अपने आरक्षण की मांग के लिए लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा 101 दिन की उनकी यह यात्रा है तमाम अलग-अलग जिलों में वह पहुंचकर निषाद समाज का सम्मेलन करके अपने हक की लड़ाई के लिए आरक्षण मांग रहे हैं और उन्हें भारी समर्थन मिल रहा है और चुनाव में यह समर्थन इस बार किसी के बहकावे में नहीं आएगा। निषाद समाज डंटकर मुकाबला करेगा और दिखा देगा कि अब निषाद समाज एक हो चुका है। इस दौरान फतेहपुर की धरती में विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश साहनी का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया और चुनाव में अभी से डंट जाने की भी अपील की गई। इस अवसर पर बिहार के पूर्व राज्य मंत्री अच्छे लाल निषाद, डॉक्टर अरुण सहित बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग मौजूद रहे।


