भारत माता के जयकारों और वंदे मातरम के उद्घोष से गूंजा कस्बा, सैकड़ों लोग बने यात्रा का हिस्सा
हसनगंज उन्नाव। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को हसनगंज कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। 164-मोहान विधानसभा क्षेत्र के विधायक बृजेश रावत की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से पूरा कस्बा गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत कस्बे के एक निजी रेस्टोरेंट से हुई। सैकड़ों लोगों की भीड़ तिरंगा लेकर मुख्य मार्गों से निकली और भ्रमण के बाद यात्रा उसी स्थान पर पहुंचकर समाप्त हुई। डीजे की देशभक्ति धुनों पर युवा तिरंगा लहराते हुए नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा को देखने के लिए घरों की छतों और दुकानों के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही।
विधायक बृजेश रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हसनगंज की तिरंगा यात्रा ने देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूती से प्रदर्शित किया है।
यात्रा के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखा गया।
तिरंगा यात्रा में निंदेमऊ ग्राम प्रधान नितिन बाजपेई, मिलन पांडेय, अजय शुक्ल, फरीदीपुर के पूर्व ग्राम प्रधान विजय सिंह, आनंद पंडित, इंद्रमोहन सिंह, सोनू सिंह, रामकिशोर बाबू जी, राजन शर्मा, कपिल निगम, अमित पांडेय, जितेंद्र सिंह, लिटिल सिंह, ओम रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।


