गोंडा। राशन कार्ड बनवाने के लिए महीनों से पूर्ति विभाग के चक्कर काट रहे ग्रामीणों को आखिरकार डी एम के जनता दर्शन में राहत मिली। झंझरी ब्लॉक के इमरती विसेन गांव की चार महिलाओं ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के समक्ष पहुंचकर राशन कार्ड नहीं बनने की शिकायत दर्ज कराई।बीनू सिंह, रेशमा, संगीता और मौना देवी ने बताया कि परिवार की आय का कोई नियमित जरिया नहीं है, जिससे उन्हें भरण-पोषण में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों की समस्या सुनकर डीएम ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को पात्रता की जांच कर नियमानुसार राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए।जांच में चारों लाभार्थी पात्र पाए गए। इसके बाद उनके राशन कार्ड तैयार कराकर मंगलवार को जनता दर्शन में डीएम प्रियंका निरंजन ने स्वयं लाभार्थियों को राशन कार्ड वितरित किए। राशन कार्ड मिलने पर लाभार्थियों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया।डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही न बरती जाए और जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पूर्ति विभाग की कार्यशैली से परेशान ग्रामीणों के महीनों भटकने के बाद, डीएम ने दिलाया राशन कार्ड

