सरकारी योजना में फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा, AI ने पकड़ीं 1629 डुप्लीकेट तस्वीरें, 27 ग्राम पंचायतों में 44 कार्यों में धन का हुआ गबन

निगोही ब्लॉक में वीबी-जी राम जी योजना के नाम पर उपस्थिति दर्ज करने में बड़ा खेल
डुप्लीकेट फोटो स्वीकृत करने के आरोप में हटाए गए खण्ड विकास अधिकारी, बाकी को नोटिस

शाहजहांपुर। सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए इस्तेमाल की जा रही आधुनिक तकनीक ने निगोही ब्लॉक में कथित फर्जीवाड़े की ऐसी तस्वीर उजागर की है, जिसने सरकारी निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीबी-जी राम जी योजना के तहत NMMS ऐप से मजदूरों की उपस्थिति दर्ज करने में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि जिस फर्जीवाड़े पर जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ी, उसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने पकड़ लिया।AI आधारित डैशबोर्ड की जांच में निगोही ब्लॉक की 27 ग्राम पंचायतों के 44 कार्यों में 1629 डुप्लीकेट फोटो से उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। यह आंकड़ा केवल तकनीकी गड़बड़ी भर नहीं, बल्कि सरकारी योजना के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान है।जांच में अरेली, बहादुरपुर खुर्द, बरीलालपुर, भटपुरा मिश्र, भवानीपुर, बुढानपुर, छतेनी, गुरगवां, हंसौआ, हथगांव, इनायतपुर, खिरिया कुड़िरना, लोहरगवा, पचदेवरा, पतराजपुर, सहदेवपुर सहित कुल 27 ग्राम पंचायतों में डुप्लीकेट फोटो के जरिए उपस्थिति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि कई स्थानों पर मजदूरों की उपस्थिति रियल टाइम में अपलोड करने के बजाय फोटो और वीडियो के माध्यम से बाद में पोर्टल पर अपलोड किए गए। सवाल यह है कि जब योजना में तकनीक के जरिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने की व्यवस्था है, तो फिर इस तरह की अनियमितताएं कैसे होती रहीं? डीसी वीबी-जी राम जी योजना यशोवर्धन सिंह के मुताबिक, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने 16 नवंबर को 27 ग्राम पंचायतों में सामने आई अनियमितताओं को लेकर जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। संबंधित लोगों को तीन दिन के भीतर संतोषजनक जवाब देने के निर्देश दिए गए। जवाब न मिलने अथवा संतोषजनक न पाए जाने पर संविदा सेवा से पृथक करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।इस पूरे मामले में सबसे गंभीर पहलू तत्कालीन खंड विकास अधिकारी पुनीत पाठक की भूमिका को लेकर सामने आया है। AI द्वारा डुप्लीकेट फोटो पकड़े जाने के बाद ग्राम्य विकास आयुक्त, लखनऊ की ओर से निर्देश जारी किए गए थे कि फर्जी तस्वीरों को निरस्त करते हुए केवल सही तस्वीरों को ही स्वीकृत किया जाए। आरोप है कि इन निर्देशों के बावजूद डुप्लीकेट फोटो भी स्वीकृत कर दिए गए। इसके बाद ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय से दो नवंबर को बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी हुए। परिणामस्वरूप बीडीओ पुनीत पाठक को निगोही ब्लॉक से हटाकर परियोजना अधिकारी यूपी डास्प आशीष कुमार को ब्लॉक का चार्ज सौंप दिया गया।डीसी यशोवर्धन सिंह के अनुसार 27 ग्राम पंचायतों के 44 कार्यों में AI ने कुल 1629 डुप्लीकेट फोटो पकड़े हैं। इस मामले में रोजगार सेवक, कंप्यूटर ऑपरेटर, एपीओ और बीडीओ की जिम्मेदारी सामने आई है। बीडीओ को पहले ही हटाया जा चुका है, जबकि अन्य संबंधित लोगों के जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

पुरानी रंजिश में युवक को रास्ते में रोककर पीटा, चार के खिलाफ मुकदमा

उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के भगवंतनगर कस्बे में पुरानी...

मतदाता सूची में 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पांच बूथों का किया...

डॉग बाइट के मरीजों को जरूरत पर लगेगा आरआईजी

नवाबगंज, उन्नाव। कस्बा स्थित सीएचसी का शनिवार दोपहर एसीएमओ...

Related Articles