Home उत्तर प्रदेश मथुरा नींद की झपकी ने उजाड़ दिए चार परिवार, डंपर में पीछे से...

नींद की झपकी ने उजाड़ दिए चार परिवार, डंपर में पीछे से घुसी कार, चार की मौत, पांच घायल

0

मध्य प्रदेश के भिंड निवासी नौ लोग थे सवार,
दो घायलों की हालत गंभीर, डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

मथुरा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह थाना जैंत क्षेत्र के चौमुहां स्थित सनसिटी के पास भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। मध्य प्रदेश नंबर की स्विफ्ट कार सर्विस लेन पर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। स्विफ्ट कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए गए हैं और ग्वालियर से आए थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल सर्वोदय मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सवार लोगों ने रात में दो अलग-अलग स्थानों परिक्रमा की थी। आशंका है कि रातभर जागने और पर्याप्त नींद नहीं मिलने के कारण चालक को झपकी आ गई जिससे कार अनियंत्रित होकर खड़े डंपर में पीछे से जा टकराई। हालांकि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। अधिकारियों ने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि तीन घायलों का उपचार शुरू कर दिया। घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
भीषण टक्कर के चलते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version