किशोरी रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यातायात जनजागृति माह के अंतर्गत गोष्ठी आयोजित, स्वयंसेवकों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ
मथुरा। किशोरी रमण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मथुरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में यातायात जनजागृति माह के अंतर्गत सड़क सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रवीण कुमार अग्रवाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे अपने घर-परिवार एवं रिश्तेदारों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
एनएसएस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार कौशिक ने कहा कि देश एवं प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा अत्यंत चिंताजनक है। कोरोना महामारी के दौरान जिस प्रकार सभी लोगों ने सावधानियों का पालन किया था, उसी प्रकार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी यातायात नियमों के प्रति गंभीरता और जागरूकता दिखाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। हम सभी को संकल्प लेना होगा कि सड़क पर उतरने से पहले यातायात के नियमों का स्वयं कड़ाई से पालन करेंगे तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नवीन अग्रवाल ने किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी लोगों एवं स्वयंसेवकों को यातायात नियमों के पालन का आवाहन किया l
