शिकायत देने के बाद भी बेटी का सुराग नहीं मिलने का आरोप, सहयोग करने वालों पर कार्रवाई की मांग
बांदा। जनपद के चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने बेटी की जल्द बरामदगी और मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री को 20 नवंबर 2026 को अजय निषाद पुत्र मुन्ना निषाद निवासी कुकुवा डेरा, थाना पैलानी कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला का आरोप है कि इस मामले में पड़ोस में रहने वाली दो महिलाओं ने भी सहयोग किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनसे दोबारा प्रार्थना पत्र लिखवाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को वापस भेजने का आश्वासन देकर उनसे हस्ताक्षर भी कराए गए, लेकिन अब तक बेटी का कोई पता नहीं चला है।
महिला ने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया कि पुलिस द्वारा एक घर से दो मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए गए थे। उन्होंने संबंधित मोबाइल के आईएमईआई नंबर की जांच कर मामले की तह तक पहुंचने की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से नाबालिग बेटी की शीघ्र बरामदगी, आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई और मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। जब पूरे मामले की जानकारी के चिल्ला थाना अध्यक्ष से मामले की जानकारी की गई तो उनका कहना था कि लड़की बालिक है।जांच की जा रही है।
