रामलीला मैदान में 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक होगी श्रीमद्भागवत कथा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए दिए निर्देश
उन्नाव। शहर के रामलीला मैदान में 28 नवंबर से शुरू होने वाली श्रीमद्भागवत कथा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विश्व शांति सेवा समिति, उन्नाव के तत्वावधान में विधायक पंकज गुप्ता के आयोजकत्व में रामलीला मैदान में 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन प्रस्तावित है। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर प्रतिदिन दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक कथा सुनाएंगे। इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम, एसएसपी और एसपी उत्तरी आयुष श्रीवास्तव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रवेश और निकास मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात संचालन की व्यवस्थाओं को परखा।
संबंधित अधिकारियों और आयोजकों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, आयोजन स्थल पर सतर्क निगरानी रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर विनी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
भागवत कथा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था


