श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सफाई और रोशनी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश, आपात स्थिति से निपटने की भी तैयारी
उन्नाव। छठ महापर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने नानामऊ गंगा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
क्षेत्राधिकारी हर्ष मोदी की मौजूदगी में अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन के इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, विधायक और अफसरों ने नानामऊ घाट का लिया जायजा


