कुटी बीर बाबा मंदिर में नौ दिवसीय हनुमत रुद्र महायज्ञ एवं मानस वेदांत संत सम्मेलन का शुभारंभ
उन्नाव। इस नश्वर संसार में केवल ईश्वर की भक्ति ही वास्तविक और शाश्वत सत्य है। संसार की समस्त चकाचौंध और मोह-माया क्षणभंगुर है। मनुष्य को अपने कर्म और दायित्व निभाते हुए ईश्वर भक्ति को जीवन का आधार बनाना चाहिए। यह विचार चित्रकूट से आए आचार्य ज्ञानेश व्यास ने रामकथा के दौरान व्यक्त किए।
असोहा थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव स्थित पावन धाम कुटी बीर बाबा मंदिर में आयोजित 11वें नौ दिवसीय हनुमत रुद्र महायज्ञ एवं मानस वेदांत संत सम्मेलन के पहले दिन रामकथा में आचार्य ज्ञानेश व्यास ने श्रद्धालुओं को जीवन के आध्यात्मिक रहस्यों से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि यह संसार एक स्वप्न के समान है। जिस प्रकार सोते समय सपना वास्तविक प्रतीत होता है, लेकिन जागने पर उसका कोई अस्तित्व नहीं रह जाता, उसी प्रकार संसार की माया भी अज्ञानता के कारण मनुष्य को सत्य प्रतीत होती है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य को संसार में रहते हुए अपने सभी कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए, लेकिन भौतिक सुख-सुविधाओं की चकाचौंध, अंधी आसक्ति और मोह-माया में उलझकर जीवन के वास्तविक उद्देश्य को नहीं भूलना चाहिए। ईश्वर भक्ति ही मनुष्य को आत्मिक शांति और सच्चे सुख की अनुभूति कराती है।
इस दौरान त्रिभुवन दीक्षित, सोनू मिश्र, सुनील रावत, फिरोज अहमद, शिवम तिवारी, भगवान अवस्थी, राजू त्रिपाठी सहित क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। रामकथा में पूर्व एमएलसी अरविंद त्रिपाठी (गुड्डू भैया) एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अरविंद बाजपेयी उर्फ नीटू भी पहुंचे। दोनों नेताओ ने व्यास पीठ पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से आयोजक संजय शुक्ल ने दोनों अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
नश्वर संसार की चकाचौंध और मोह से दूर रहकर ईश्वर भक्ति में लगाएं मन- ज्ञानेश व्यास



