मौरावां, उन्नाव। हिलौली महोत्सव के तहत आयोजित रामलीला में युद्धभूमि पर तलवारों की टंकार, योद्धाओं के हुंकार और प्रतिशोध की गर्जना ने दर्शकों में रोमांच भर दिया। लक्ष्मण और मेघनाद के बीच हुए भीषण युद्ध ने जहां दर्शकों को रोमांचित किया, वहीं मेघनाद वध के बाद पति के वियोग में सुलोचना के करुण विलाप ने लोगों की आंखें नम कर दीं। वीरता और विरह के भावपूर्ण संगम ने रामलीला को यादगार बना दिया।
रामलीला में कुंभकरण वध, मेघनाद वध, सुलोचना लीला, अहिरावण वध और रावण वध समेत विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध के दौरान कलाकारों के दमदार संवाद, युद्ध कौशल और शानदार अभिनय ने वातावरण को रोमांचित कर दिया। मेघनाद के धराशायी होते ही मंचन ने भावनात्मक मोड़ ले लिया। पति के प्रति सुलोचना का प्रेम, समर्पण और विरह की पीड़ा का मार्मिक चित्रण देख दर्शक भावुक हो उठे। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय से पौराणिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
राम की भूमिका धीरू दीक्षित, लक्ष्मण की नितेश शर्मा, हनुमान की श्याम तिवारी, रावण की सत्येंद्र वर्मा, कुंभकरण की वीरेंद्र शर्मा, अहिरावण की रमेश कानपुर, मेघनाद की उदयभान गुप्ता और सुलोचना की भूमिका जीतू दीक्षित ने निभाई। सभी कलाकारों के अभिनय की दर्शकों ने जमकर सराहना की।
इस दौरान महेश सोनी, मनोज शुक्ला, गोलू शुक्ला, अखिल प्रभात, रोहित सविता, रामकिशोर, अवधेश सविता, पिंकू कुशवाहा, राम सिंह, संजय श्रीवास्तव, सुशील दीक्षित, मुकेश निर्मल, रामजी अवस्थी, श्यामू साहू, पुन्नू सविता, अमित सविता, राजकुमार गुप्ता, बबलू दीक्षित, अतुल बाजपेई, टिंकू डीजे, जित्तन शुक्ला सहित हजारों दर्शक मौजूद रहे।
कुंभकरण, मेघनाद, अहिरावण और रावण वध का हुआ सजीव मंचन, हजारों दर्शक बने साक्षी



