छिबरामऊ, कन्नौज। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने नगर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सबसे पहले सेंट पॉल स्कूल और उसके बाद हीरालाल वीएन इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा कक्षों का भ्रमण किया तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने परीक्षार्थियों के बैठने, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति को बारीकी से परखा। दोनों अधिकारियों ने संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए, साथ ही केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रखी जाए।
