ऐलिया, सीतापुर। विधानसभा क्षेत्र 147 हरगांव में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत फॉर्म-6 के एकत्रीकरण एवं ऑनलाइन फीडिंग कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी ऐलिया एवं एआरओ विधानसभा क्षेत्र 147 हरगांव श्री संजीव कुमार गुप्ता द्वारा विभिन्न बूथों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता बूथों पर फॉर्म-6 के संकलन, प्राप्त आवेदनों की जांच, ऑनलाइन प्रक्रिया तथा संबंधित कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं। कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कराने के उद्देश्य से उनके द्वारा एक दिन में 30 से अधिक बूथों का निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त फॉर्म-6 का समय से एकत्रीकरण एवं ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर कार्य लंबित न रखा जाए। साथ ही मतदाताओं से संबंधित आवेदन एवं अभिलेखों को नियमानुसार व्यवस्थित कर निर्वाचन कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संपादित करने पर जोर दिया।
श्री संजीव कुमार गुप्ता ने निर्वाचन कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उनके लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण एवं सक्रिय मॉनिटरिंग से निर्वाचन कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
