Home उत्तर प्रदेश कन्नौज घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप

घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप

0

न्याय के लिए एसपी कार्यालय पहुंचा रिटायर्ड दरोगा का परिवार, कस्बा चौकी पर तैनात दरोगा की कार्यशैली पर उठाए सवाल
छिबरामऊ, कन्नौज। नगर में बीती 7 नवंबर को हुई मारपीट की घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। न्याय की गुहार लेकर रिटायर्ड दरोगा का परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के दिन कुछ लोग उसके घर में घुस आए और उसके साथ हाथापाई करने लगे। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति और देवर पर भी आरोपियों ने तमंचे के बट से हमला कर दिया। इस हमले में उसके पति की नाक में गंभीर चोट आई। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली छिबरामऊ में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष नहीं रही। उसने कस्बा चौकी पर तैनात एक दरोगा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की गई, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय उसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है।
बताया गया कि पीड़ित परिवार के मुखिया रिटायर्ड दरोगा हैं, जो पूर्व में कोतवाली छिबरामऊ में भी तैनात रह चुके हैं। इसके बावजूद परिवार को न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचना पड़ा। अब पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और अपने परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version