पैलानी/बांदा। कस्बे के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। मोहल्ले में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन लोगों के घरों और छतों के बेहद करीब से गुजर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के ठेकेदार ने छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में सुरक्षा पाइप भी नहीं डाली है।
बताया जा रहा है कि सुभाष मास्टर के दरवाजे से लेकर हरिराम दिवाकर के घर तक विद्युत तार घरों के काफी नजदीक से निकले हैं। वहीं, कई स्थानों पर बिजली के खंभों के बीच दूरी अधिक होने के कारण तार भी नीचे और घरों के करीब आ गए हैं। इससे मकान की छत पर आने-जाने वाले लोगों, बच्चों और आसपास के निवासियों के लिए खतरा बना हुआ है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन में सुरक्षा के लिए पाइप लगाकर तथा तारों को घरों से निर्धारित दूरी पर किया जाना चाहिए, लेकिन विभाग और ठेकेदार द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार ने लोगों से ही अपने खर्चे पर पाइप मंगाकर लगवाने की बात कही है।
इसको लेकर स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही तारों में सुरक्षा पाइप नहीं डाली गई और घरों से पर्याप्त दूरी नहीं बनाई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग के अधिकारी मौके का निरीक्षण कर तत्काल हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित कराएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ और कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
जसपुरा में घरों के पास निकली 11 हजार वोल्ट की लाइन, बड़े हादसे का खतरा


