चित्रकूट। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं सभासद, नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी अनुज निगम ने रविवार को मानिकपुर में आयोजित सपा के कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हो गए।
शिक्षक स्नातक विधायक डॉ. मानसिंह यादव, सपा विधायक अनिल प्रधान, जिलाध्यक्ष शिव शंकर सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष भैया लाल यादव, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल, डॉ. निर्भय सिंह पटेल आदि की मौजूदगी में अनुज निगम को सपा में शामिल कराया गया और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया।
अनुज निगम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आपसी भाईचारे के माहौल को दूषित कर रही है। इस सरकार में शिक्षक, कर्मचारी, आम जन, हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान हो गया है, विकास कार्य ठप्प हैं। इन्हीं सब कारणों से उन्होंने भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।
सपा जिलाध्यक्ष शिव शंकर सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में अनुज निगम का स्वागत है। जो भी समाजवादी पार्टी की नीतियों से प्रभावित हैं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की कार्यप्रणाली से प्रभावित हैं, उन सबका स्वागत है।
