बलरामपुर। रेहरा थाना क्षेत्र के छपिया बाजार पेहर में बिजली विभाग की प्रवर्तन टीम ने चेकिंग के दौरान मीटर बाईपास कर बिजली का उपभोग करते एक उपभोक्ता को पकड़ा। मामले में विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।अवर अभियंता मुनीन्दर कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर जुबेर पुत्र हाजी इकबाल निवासी छपिया बाजार पेहर के परिसर की जांच की। इस दौरान मीटर संख्या 2277462 की इनकमिंग केबल में मीटर से पहले अतिरिक्त केबल जोड़कर बिजली का उपभोग किया जाना पाया गया। जांच में 2.200 किलोवाट विद्युत भार का उपयोग मीटर बाईपास करके होता मिला। टीम ने परिसर की वीडियोग्राफी कर चेकिंग रिपोर्ट तैयार की और विद्युत कनेक्शन विच्छेदन के लिए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया।
अवर अभियंता की तहरीर पर एंटी पावर थेफ्ट थाने में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135(1)(सी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच थाना प्रभारी एंटी पावर थेफ्ट बलरामपुर ने शुरू कर दी है।
