मर्दनपुर में आम, नीम और महुआ के पेड़ों की कटाई का आरोप,
मुसाईखेड़ा-पारा समेत कई गांवों में भी अवैध कटान की शिकायत
मौरावां, उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों की कथित अवैध कटाई को लेकर वन विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। आरोप है कि क्षेत्र में लगातार प्रतिबंधित पेड़ों पर आरा चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके संरक्षण में पेड़ों की कटाई का सिलसिला जारी है?
मामला क्षेत्र के मर्दनपुर मजरे अकोहरी का है। यहां निवासी अशोक कुमार यादव पुत्र राजकुमार यादव पर आरोप है कि उन्होंने आम, नीम और महुआ के हरे पेड़ ठेकेदारों को बेच दिए। सौदा तय होते ही पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई। आरोप है कि मशीनों से हरे-भरे पेड़ों को धराशायी कर दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक मुसाईखेड़ा, पारा, फजलखेड़ा समेत क्षेत्र के दर्जनों गांवों में भी पेड़ों की कटाई की शिकायतें सामने आ रही हैं। मामले की जानकारी वन दरोगा विकास वर्मा को दिए जाने पर उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, शिकायतकर्ता ने वन दरोगा और बीट इंचार्ज राजेंद्र वर्मा पर कटान स्थल पहुंचने के बाद कथित लेनदेन कर मामला निपटाने का आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की शिकायत रेंजर नीरज कुमार यादव से भी की गई, लेकिन शिकायतकर्ता का दावा है कि आश्वासन के बावजूद मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और कटान जारी रहा।
सवालों के घेरे में जिम्मेदारों की भूमिका….
यदि प्रतिबंधित पेड़ों की कटाई की शिकायतें लगातार मिल रही हैं तो अब तक कितने मामलों में मुकदमे दर्ज हुए? कितने पेड़ काटने वालों पर कार्रवाई हुई और कितनी लकड़ी जब्त की गई। क्या वन विभाग ने कटान की अनुमति और संबंधित अभिलेखों की जांच की है। इन सवालों के जवाब जिम्मेदार अधिकारियों को देने होंगे। फिलहाल क्षेत्र में पेड़ों की कटाई को लेकर वन विभाग और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
