कासगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कासगंज पुलिस ने एआरटीओ विभाग के साथ मिलकर जिलेभर में सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। यातायात माह नवंबर और सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को ढोलना कस्बा, रोडवेज बस स्टैंड और नदरई गेट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले 244 चालकों के चालान किए गए और 6 लाख 19 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर लगी एक बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात रजनीश कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में प्रभारी यातायात लक्ष्मण सिंह और एआरटीओ राम प्रकाश मिश्र ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाने, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग करने, मोडिफाइड साइलेंसर लगाने, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं होने, गलत नंबर प्लेट लगाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान सात वाहनों में प्रेशर हॉर्न और चार दोपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर पाए गए। दो वाहन प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करते मिले। इसके अलावा इंटरसेप्टर वाहन से ओवरस्पीडिंग करने वाले 40 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, बिना फिटनेस वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।

विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ
चेकिंग अभियान के साथ ही यातायात पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए। कस्बा ढोलना स्थित राणा इंटर कॉलेज में कार्यशाला आयोजित कर छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को जागरूकता पंपलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया तथा यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान साइबर अपराध और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए।

सड़क पर ऑटो-ई-रिक्शा खड़े किए तो होगी कार्रवाई
रोडवेज बस स्टैंड और नदरई गेट के समीप सड़क पर ऑटो एवं ई-रिक्शा खड़े करने वाले चालकों को भी यातायात पुलिस ने चेतावनी दी। चालकों को समझाया गया कि सड़क पर वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति पैदा होती है और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्हें निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने साफ किया कि सड़क पर ऑटो या ई-रिक्शा खड़े पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की अपील की।


