Home उत्तर प्रदेश बलरामपुर बाल विवाह के खिलाफ बेटियों ने संभाली कमान, 100 योद्धा तैयार करने...

बाल विवाह के खिलाफ बेटियों ने संभाली कमान, 100 योद्धा तैयार करने का लक्ष्य

0

बलरामपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अब जिले की बेटियां जागरूकता अभियान की कमान संभालेंगी। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में 100 दिवसीय बाल विवाह उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिले में 100 बाल विवाह योद्धा तैयार किए जाएंगे, जो गांवों और ग्राम पंचायतों में लोगों को जागरूक करने के साथ बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में जिला बाल संरक्षण इकाई, रोजा संस्थान और मिलान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस इश्तिखार अहमद ने की। उन्होंने कहा कि एक बाल विवाह रोकना पूरी पीढ़ी को बचाने के समान है। बालिकाओं को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है, ताकि वे अपने भविष्य के फैसले स्वयं ले सकें। उन्होंने बालिकाओं को कम से कम स्नातक तक शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रोजा संस्थान की 20 बाल विवाह वॉरियर्स को पंचायत स्तर पर बाल विवाह रोकने और सामाजिक जागरूकता फैलाने में योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, मिलान संस्था की 20 गर्ल आइकॉन ने भी प्रतिभाग किया।
संवाद सत्र में बालिकाओं ने अधिकारियों से उच्च शिक्षा, सरकारी योजनाओं, बाल संरक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और बाल विवाह रोकने से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर सवाल पूछे। अधिकारियों ने उन्हें अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी दी।कार्यक्रम में प्रोबेशन, शिक्षा, श्रम, महिला कल्याण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता जरूरी है। अभियान के तहत पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह की संभावित घटनाओं को समय रहते रोकने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में कुल 40 बालिकाओं ने सहभागिता की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version