Home उत्तर प्रदेश बांदा पैतृक जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, निर्माण कार्य में बाधा डालने...

पैतृक जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, निर्माण कार्य में बाधा डालने का आरोप

0

पीड़ित ने अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार, दबंगों पर परिवार को धमकाने का आरोप
बांदा।
जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम तिलौसा में पैतृक भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी अरविंद पुत्र स्वर्गीय रामदेव ने राजस्व अभिलेखों में दर्ज अपनी पैतृक जमीन पर निर्माण कार्य कराने में बाधा डालने और परिवार को धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, मौजा तिलौसा स्थित गाटा संख्या 947, रकबा 0.089 हेक्टेयर भूमि में आधे हिस्से पर प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। आरोप है कि उक्त जमीन पर वर्षों पुराना कुआं बना हुआ था, जो समय के साथ टूटकर जमीन के बराबर हो गया। अब पीड़ित अपने हिस्से की भूमि पर निर्माण कार्य कराना चाहता है, लेकिन कुछ लोग इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
शिकायत में कई ग्रामीणों पर आरोप लगाया गया है कि वे कथित रूप से राजनीतिक संरक्षण के चलते पीड़ित परिवार को धमकाते हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसे जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर परिवार को बर्बाद करने की धमकी भी दी जाती है।
अरविंद का कहना है कि वह इस मामले की शिकायत तहसील के उच्च अधिकारियों को लिखित रूप में दे चुका है, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर भूमि पर उसके वैधानिक हिस्से के अनुसार कब्जा दिलाया जाए तथा निर्माण कार्य में बाधा डालने और धमकी देने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन पीड़ित की शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है और उसे न्याय मिल पाता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version